तिब्बत के पुराने दिन जब वह आजाद था…….

दुर्गा सिंह जंगपांगी से बातचीज
डॉ. पंकज उप्रेती
अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर तमाम देशों की सीमाओं को लेकर चर्चाएं और उलझन देखने को मिलती हैं। अपनी सीमा विस्तार के लिये कई देशों की लड़ाई हमेशा से बनी हुई है। ऐसे में भारतवर्ष की सीमाओं में भी कुछ न कुछ होता रहा है, जो इतिहास में दर्ज है। उसमें यह भी पता चलता है कि हिमालय राज्यों में कितना सामंजस्य और रिश्ता रहा है। उत्तराखण्ड के सीमान्त में सीमा क्षेत्र की बात करें तो पता चलता है कि अपने में मगन हिमालय वासियोें को समय के साथ बदलना पड़ा है। सीमा सुरक्षा व अन्य संसाधनों की बात को लेकर तमाम तरह की व्यवस्थाएं सुदृढ़ हुई हैं लेकिन इतिहास बन चुकी बातों का क्या? वह तो हमारे बुजुर्गों की यादों में बसी हैं, जिन्हें सुनकर, समझकर हमें सहेजना चाहिये। ऐसे ही एक बुजुर्ग 92 वर्षीय श्रीमान दुर्गा सिंह जंगपांगी के साथ बातचीत में कुछ पड़ताल की गई है। मल्ला दुम्मर, मुनस्यारी में रहने वाले दुर्गासिंह जी का जन्म पिता किशन सिंह-माता श्रीमती मालती देवी (टोलिया परिवार से) के घर जोहार घाटी के ग्राम बुर्फू में हुआ। इनके दादा माधो सिंह थे, जिनके चार पुत्र- किशन सिंह, कुन्जर सिंह, विशन सिंह, मान सिंह हुए। इसकी अगली पीढ़ी में किशन सिंह जी के त्रिलोक सिंह, दुर्गा सिंह, खड़क सिंह हुए। इससे आगे पीढ़ी में दुर्गा सिंह जंगपांगी के पुत्र भुवन सिंह (इनके पुत्र-पुत्री- गौरव, तनु), प्रतिमन सिंह (इनके पुत्र-पुत्री- हर्षित, रिमझिम) हैं।
श्रीमान दुर्गा सिंह कहते हैं भारत-तिब्बत व्यापार टूटने के बाद लोग बाहर चले गये और पुराना कारोबार ठहर गया। दूरस्थ ग्रामों में गिने-चुने लोग रहते हैं। माइग्रेशन की परम्परा में जो जातियां जहाँ गईं, वहीं की होकर रह गई। पुरानी यादों में लौटते हुए वह बताते हैं कि दादा/बूबू जी माधो सिंह के पिता (बूढ़े दादा) का नाम ‘छम्मल’ था, जो तिब्बत से ही आए थे। यह नाम भी तिब्बती है। सन् 1962 से पहले तक इस सीमान्त क्षेत्र से तिब्बत आने-जाने की स्वच्छन्दता थी। पुराने बुजुर्ग तिब्बती भाषा भी जानते थे, धीरे-धीरे उसे भुला दिया गया।
दुर्गा सिंह जी बात को आगे बढ़ाते हुए कहते हैं कि हिमालय की संस्कृति में यात्राएं और व्यापार मुख्य था। प्रकृति से जुड़े लोग अपने भरण-पोषण के लिये मैदान से उपयोगी सामान लेकर तिब्बत की ओर जाते थे और तिब्बत से जड़ीबूटी, सुहागा, उन इत्यादि सामग्री लेकर वापस आते थे। आवत-जावत के इस सिलसिले में लोगों के बीच विभेद सा नहीं था। आजाद तिब्बत में जिस संस्कृति के दर्शन होते थे वह भेदभाव नहीं बल्कि प्रकृति पूजा के रहे हैं। यह पूछने पर कि क्या आपको तिब्बत जाने का अवसर मिला? दुर्गा सिंह जंगपांगी बताते हैं कि कम उम्र में वह व्यापारियों के साथ एक बार यात्रा में गये थे। नादानी की उम्र में सेठों के साथ तिब्बत जाते समय इतना भर याद है कि तीन धूरा (उंटा धूरा, जयन्ती, कंगड़ी-बिंगड़ी) होते फिर मखमल बिछा सा बुग्याल दिखाई दिया। वहीं हमारा बाजार था।
अपने बचपन की यादों को बताते हुए दुर्गा सिंह जी कहते हैं- मौसम के अनुसार सभी ग्राम वालों के स्थान निश्चित थे। हम लोग बुर्फू, दुम्मर और बमौरी नाचनी के पास आना-जाना करते थे। इसी अनुसार बच्चों की पढ़ाई की व्यवस्था तय थी। बताते हैं मल्ला दुम्मर में पहले जब हरि प्रदर्शनी होती थी, उसमें घोड़े, बकरी, झुब्बू जानवरों को लाया जाता था। तब सारे परिवार इधर ही थे। तिब्बत व्यापार बन्द होने के बाद जब लोग दूसरी जगह चले गये प्रदर्शनी की वह यादें भर हैं। खुशी होती है नियमित रूप से निश्चित समय पर पर यह आयोजन किया जाता है।
1953 में फौज में भर्ती हुए दुर्गा सिंह जी 1971 में सेवानिवृत्त होकर मल्ला दुम्मर में रह रहे हैं। जीवन की इस पूरी यात्रा में जितनी भागमभाग उनकी रही है, वह सब जोहार घाटी, तिब्बत व्यापार के इतिहास के पुराने यादगार पन्ने हैं।