पिघलता हिमालय’ का जन्म 1978 को हुआ। स्व.आनन्द बल्लभ उप्रेती व स्व.दुर्गा सिंह मर्तोलिया इसके संस्थापक हैं। स्व.आनन्द बल्लभ उप्रेती संस्थापक के साथ ही इसके प्रथम सम्पादक रहे जिन्होंने पत्रकारिता के मिशन के साथ इसे सामाजिक-सांस्कृतिक आन्दोलन का रूप दिया।
भीमसिंह वृजवाल-श्रीमती तुलसी देवी से बातचीज डॉ. पंकज उप्रेती पुंगराउ घाटी ‘पांखू’ में न्याय की देवी कोटगाड़ी की मान्यता विश्वभर में है। कोकिला माता के नाम से भी इनके दरबार को जाना जाता है। कोटगाड़ी के इसी आंगन में कार्की, पाठक, वृजवालों का खाल (आंगन )है। आज के अंक में इस घाटी के वयोवृद्ध दम्पत्ति से विशेष भेंटवार्ता प्रस्तुत है। 92 वर्षीय भीम सिंह वृजवाल और 88 वर्षीय तुलसी देवी के साथ नई-पुरानी अनगिनत यादें जुड़ी हैं। और जिस प्रकार का जीवन इन्होंने देखा है वह पहाड़ की कठिन कही जाने वाली दिनचर्या के साथ अपनी संस्कृति की पूरी लहर सी है। वृजवालों के परिवार अपने यात्रा प्रसंग में माइग्रेशन के दौरान पुंगपाउ घाटी में आए और यहीं के होकर रह गये। इस घाटी के नौ गांवों में यह इसलिये फैले क्योंकि इनके साथ भेड़ बकरियां जानवरों के लिये काफी खुला स्थान चाहिए था। अब तो कोटगाड़ी मन्दिर तक शानदार मोटर रोड है और ग्रामों में भी सम्पर्क मार्ग हो चुके हैं, उस दौर को याद कर सोच पड़ जाते हैं जब एकदम बीहड़ दुर्गम जगह रही होगी। भीमसिंह जी कहते हैं- कोटगाड़ी मन्दिर की स्थापना हुई होगी, हमारे बुजुर्ग उसी दौर से से यहाँ आते रहे हैं और यहीं हमारा आंगन है। तभी से एक मवासा कोटगाड़ी, एक सनेती, एक चनोती, फल्याटी, तोराथल इन ग्रामों में रहे हैं। चूंकि जानवरों के लिये चारागाह की आवश्यकता होती है, तब वृजवाल भाई अलग-अलग जगहों पर रहने गये थे। मौसम चक्र अनुसार माइग्रेशन में बिल्जू से आने वाले परिवार मुनस्यारी, दुम्मर के बाद पुंगराउ घाटी आया करते थे। तिब्बत व्यापार तो बुजुर्गों का नियत था ही। फिर यहाँ से व्यापार के लिये हल्द्वानी, काशीपुर, रामनगर भी जाना होता था। जीवन के उत्तरार्द्ध में वृजवाल दम्पत्ति अपने ग्राम फल्याटी के उन दिनों की याद बताते हैं जब घरेलू सामान लेने पैदल चौकोड़ी जाना होता था। हस्तशिल्प की माहिर श्रीमती तुलसी देवी दन-कालीन व पंखी बनाने जिस प्रकार की उस्ताद रही हैं, महिलाओं का हुजूम इन्हें देखने उमड़ता था। श्री वृजवाल बताते हैं कि उन्होंने पहली बार सन् 1955 में घोड़ों के साथ गरुड़ जाकर गाड़ी देखी थी और उनके बड़े बालक गिरीश ने जब चौकोड़ी में पहली बार गाड़ी देखी वह डरकर भागने लगा। श्री गिरीश वृजवाल भी अपने बचपन की इस घटना को हमेशा याद करते हुए उन दिनों का स्मरण करते हैं। भीमसिंह जी अपने बड़े भाई प्रेम सिंह जी के साथ एक बार तिब्बत व्यापार के लिये भी गये। रोमांचक और कठिनाई भरी उस यात्रा में तीन धूरा चोटी जहाँ जान गंवाने में भी देर नहीं लगती थी। उंटाधूरा, जयन्ती, किंगरी-बिंगरी जिसे किसी भी रूप में एक दिन में पार करना अनिवार्य था। जिसे हम डेथ पांइट भी कह सकते हैं। एक ही दिन में पार कर लिया गया। उसी बीच गंगपानी से किंगरी बिंगरी, दुंग, छिरतिंग, चिलमता, मानीथंगा, खिमलिंग, गुरगम, मिसर, बम्म्बाडोल ज्ञानिमा तक रास्ते पड़ाव दुर्गम बर्फीले रास्तों का सामना करना पड़ा। किंगरी बिंगरी पहुंचकर कैलास पर्वत दर्शन का मनोरम दृष्य दिखाई दिया। सभी गर्खाओं के मित्र की तरह बृजवालों के मित्र खिमलिंग नामक स्थान पर डेरा डाले थे। चंवर गाय के बालों के बनाया तम्बू जिसमें अत्यध्कि गरम रहता था। अब थोड़ा सा इस परिवार के बारे में जान लेते हैं- एक थे लालसिंह बृजवाल। इनके सुपुत्र हुए जसौद सिंह फिर इनकी अगली पीढ़ी के हुए- हीरा सिंह, गोवर्द्धन सिंह, प्रेम सिंह और भीमसिंह। जसौद सिंह की बाद की पीढ़ी का डेरा पुंगराउ घाटी पर पूरी तरह हो गया। हालांकि उससे पहले भी व्यापार के सिलसिले में इनका आना-जाना बराबर था। जसौद सिंह जी की थराली, नारायणबड़ग में दुकान भी थी। सेठ जी के इस फैले हुए कारोबार में हाथ बंटाने परिवार सहित अन्य भी जुटते थे। श्री भीमसिंह जी बताते हैं उनी कारोबार में भेड़ का काला उन गढ़वाल जाता था क्योंकि वहाँ महिलाओं के बनने वाले वस्त्रों में इसकी मांग थी और सफेद उन बागेश्वर मेले में जाता था। बागेश्वर गांधी आश्रम के प्रबन्धक शान्ति लाल थे। जिस प्रकार जोहार मुनस्यार में उनी कुटीर उद्योग धन्धे थे उनका सामान दन, कम्बल, कालीन, पंखी जौलजीवी मेले में जाता था, उसी प्रकार पांखू से के घरेलू कुटीर उद्योग से सामान बागेश्वर के उत्तरायणी मेले में जाता था। अपनी संस्कृति और सांस्कृतिक विरासत को जीवनभर जीने वाले वृजवाल दम्पत्ति के पास अनगिनत यादें हैं। इनके सुपुत्र श्री गिरीश बृजवाल श्रीमती भवानी बृजवाल और श्री प्रकाश बृजवाल श्रीमती सरस्वती बृजवाल अपने गाँव-घर की उन पुरानी यादों को समृतियों में सहेजे हुए हैं। तभी उनका मन पुंगराउ घाटी की उन वादियों में घुमड़ता है और कोटगाड़ी दरबार के दर्शन के अलावा अपने उस स्थान को संवारने में दृढ़ हैं।
नेत्र सिंह गनघरिया से बातचीज डॉ. पंकज उप्रेती अपनी संस्कृति को बचाने के लिये केवल जमावड़ा करना पर्याप्त नहीं है, इसके लिए जागरूकता ही उपाय है। जागरूकता से ही संस्कृति बचती है। इसी धारणा के साथ चिन्तन-मनन और व्यवहार में लाने वाले डॉ.नेत्र सिंह गनघरिया के साथ बातचीत पर आधारित है पिघलता हिमालय का यह अंक। बातचीत में रोचक जानकारियों से पहले श्रीमान गनघरिया के बारे में जान लेते हैं- इतिहास बताता है कि गढ़वाल से इनकी आवत हुई। इनके पूर्वज कुंवर राजपूत थे। परगना सगरी ग्राम बधान में रहने वाले वाले धनु के दो लड़के माछू और धौलिया जो नन्दादेवी के उपासक थे। दोनों रहते हुए पूजा-पाठ में रत रहते थे लेकिन एक व्यक्ति उन्हें बराबर व्यवधान करता था, उनकी पूजा में बिघ्न करता। ऐसे में उन कुंवर भाईयों ने धनुष उठाया और उसे मार डाला। पकड़े जाने भय से राजा बाजबहादुर के समय यह भाई जोहार घाटी के मिलम में आ गए। मिलम में रहते हुए कुछ समय ही इन्हें हुआ था, मिलम वासियों ने कहा- आप पांछू जाकर रहो। इसके बाद एक भाई धौलिया बिल्जू गया जिन्हें ‘दास्पा’ और एक भाई गनघर गया जिन्हें ‘गनघरिया’ कहा गया। स्थान के अनुसार कुल नाम हुआ करता था। ब्रिटिश काल में कुमाउं के द्वितीय कमिश्नर विलयम ट्रेल जब अपने दौरे में इस सीमान्त क्षेत्र में आए तो उन्होंने गनघर को आबाद करने के लिये प्रोत्साहित किया। मौसम के हिसाब से माइग्रेसन करने वाले परिवार ने गनघर, घोरपट्टा और थाला में अपने रहने की व्यवस्था की। चौकोड़ी से काण्डा-बागेश्वर जाते समय हुदुमधार के पास है- थाला। पहाड़ के पीछे ढलान पर यह ग्राम गनघरिया परिवारों ने अपने लिये उपयुक्त माना और यात्रा पर निकलते समय अपने जानवरों के साथ यहीं डेरा डालने लगे। और अक्टूबर माह से मार्च तक थाला में रहने लगे। थाला में अभी हाल भी कुछ परिवार रहते हैं। गनघरियाओं के इसी कुनबे में एक हुए- हरमल सिंह। इनके पुत्र हुए- बाला सिंह, कुन्दन सिंह, विशन सिंह, महिमन सिंह और गोकर्ण सिंह। परिवार की शाखाएं काफी फैली हैं। फिर बाला सिंह के सुपुत्र हुए- नेत्र सिंह और राजेन्द्र सिंह। इनकी अगली पीढ़ी की बात करें तो डॉ.नेत्रसिंह के पुत्र- सुजीत और पुत्री नीता हैं जबकि श्रीमान राजेन्द्र सिंह की पुत्रियां किरन, पूजा और पुत्र पंकज सिंह हैं। पारिवारिक तानेबाने के बाद डाक्टर गनघरिया साहब के बचपन की ओर झांके तो पता चलता है 22 दिसम्बर 1950 को थाला में इनका जन्म हुआ। पधानचारी के परिवार में जन्म लेने वाले नेत्र सिंह, राजेन्द्र सिंह का लालन-पालन साधारण पृष्ठभूमि में हुआ। बचपन की पढ़ाई कमेड़ीदेवी से करने के बाद यह मुनस्यारी चले गये। बचपन के दिनों को याद करते हुए नेत्र सिंह जी बताते हैं- पढ़ने के साथ पाटी लेकर जाते और पाटी में घोटा लगाते हुए उसे दूसरे साथियों की पाटी से ज्यादा चमकदार बनाने का सब साथियों के लिये अनमोल क्षण होता। विद्यालय में छुट्टी से पहले गिनती, पहाड़े जोर-जोर से समूह में पढ़ते, जो सबको याद हो जाता। मुनस्यारी इण्टर कालेज के बाद अल्मोड़ा से बीएससी इन्होंने की और एमएससी करने नैनीताल चले गये। इस बीच कानपुर में एमबीबीएस करने के बाद पैरामिलीट्री फोर्स, बीएसएपफ में चिकित्साधिकारी, सहायक कमाण्डेंट के पद पर इनका चयन हुआ लेकिन अपनी उन मीठी यादों के साथ हमेशा अपने संस्कारों में बंध्े रहे। इन्होंने 31 साल तक फौजी परिवेश में विभिन्न जगहों, पदों पर अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा एवं सफलता पूर्वक निर्वहन किया। इसके लिये इन्हें 26 जनवरी 2003 में राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया गया। झेमू हरपाल राठ में गोविन्द सिंह पांगती की सुपुत्री तारा देवी से इनका विवाह हुआ। श्रीमती तारा भी सांगीतिक और साहित्यक अभिरुचि रखती हैं। राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित डॉ. एन.एस.गनघरिया को बीएसएफ ग्वालियर की अकादमी में कम्पोजित अस्पताल में सेवा का अवसर मिला। पूर्वात्तर में अरुणाचल, असम, मेघालय, मणिपुर, मिजोरम, नागालैंड, त्रिपुरा, सिक्किम सहित तमाम जगह इन्हें सेवा के दौरान जाने का अवसर मिला। बांग्लादेश सीमापर पर सिलचर में इनकी पहली पोस्टिंग रही। अपनी पूरी सेवा में उत्कृष्ट कार्यों के बाद जनवरी 2011 में सी.आई.एस.एफ. के निदेशक मेडिकल के पद से सेवानिवृत्त होकर इन्होंने हल्द्वानी में अपने परिवार के साथ रहना तय किया और जिस स्थान पर यह रहते हैं उसे हिमालय कालौनी के नाम से जाना जाता है। अपनी कालौनी को व्यवस्थित रूप देने से लेकर अपने मूल ग्राम तक की स्थितियों पर चिन्तनशील रहने वाले एन.एस.गनघरिया कहते हैं- ‘हमारा ग्राम गनघर नैसर्गिक सुन्दरता से परिपूर्ण है। इसके उत्तर पश्चिम में नन्दादेवी है। वहीं पास पांछू गाढ़ का मनोरम दृश्य दिखता है। दक्षिण में मापा और पूर्व में बिल्जू ग्राम है। प्राकृतिक रूप से इसकी सीमाएं निर्धारित हैं। अब बुर्फू से गनघर ग्राम तक प्रधानमंत्रा ग्रामीण सड़क योजना के अन्तर्गत सड़क बन रही है। अब मुनस्यारी से गनघर जाना आसान हो जाएगा। अपनी पुरानी यादों का जोरदार किस्सा वह बताते हैं- ‘‘तिब्बत से आने वाले हुणिया मित्रों का दल आ रहा था और हम लोग गनघर से देख रहे थे, पाछू गाड़ पर अस्थायी पुल से हुनिया लोग अपने हुनकारा के साथ आ रहे थे अचानक एक भेड़ ने पाछू गाड़ छलांग लगा दी, उसके बाद एक के बाद एक भेड़ छलांग लगाने लगे। गनघर से गये युवकों ने नदी में डूब चुकी भेड़ों को निकाला।’ गनघर और अपने बुजुर्गों से जुड़ी यादों को चिरस्थाई रखने के लिये इन्होंने हाल ही में माँ नन्दादेवी गनघर धार्मिक ट्रस्ट को बनाया है। इसका उद्देश्य अपनों को जोड़ने की पहल सहित पर्यावरण संरक्षण है। गनघर में नाग मन्दिर भी है जहाँ नाग देवता को पूजा जाता है। गोरखनाथ मन्दिर सहित स्थानीय शक्तियों के मन्दिर हैं। समय के साथ बदलाव होता रहता है लेकिन समय के साथ अपनी धरोहरों को बचाए रखने की शानदार पहल करने वाले डॉ.गनघरिया अपने काज में सपफल हों यही कामना है।
चन्दन सिंह रावत से बातचीज डॉ. पंकज उप्रेती बात और चीजों को समझना भी कुशलता है। समझने का फेर तकलीफ देता है। कई बार अवरोध दिखने वाली बातें हमारे विकास में सहायक होती हैं। विकास और विनास का यह क्रम चलता रहता है। इस प्रकार के तर्कों से जूझते हुए अपना रास्ता बनाने वाले तेजम के चन्दन सिंह रावत से आज की खास बातचीज है। जिसमें वह थल-मुनस्यारी मुख्य मार्ग पर स्थित ‘तेजम’ सहित रोचक जानकारियों से अवगत करा रहे हैं। इससे पहले इनके बारे में जानते हैं- मिलम में एक हुए खड़क सिंह रावत। अपने जमाने के इण्डो-तिब्बत व्यापार के प्रमुख व्यक्तियों में थे। गीता, रामायण का ज्ञान और उसका वाचन करने वाले खड़क सिंह जी वैद्यगिरी भी कर लेते थे, जिस कारण ‘खड़कू गीता’ या ‘गीता’ नाम से पहचान मिल गई। आयुर्वेद के जानकार होने के कारण यह इलाज भी कर देते। व्यापार का जमाना था और बताते हैं तब दिल्ली में कहीं इनका सम्पर्क था जिससे यह दवाई की खुराक मंगवा लिया करते थे। स्थानीय स्तर पर भी जड़ी-बूटी का प्रयोग करते। धर्मपरायण होने के कारण इन्होंने अपने पुत्रों के नाम- देवराम सिंह, हरीराम सिंह, दयाराम सिंह, श्रीराम सिंह रखा। आज भी तेजम में इनके कुनबे की पहचान ‘गीता’ या ‘खड़कू गीता’ का परिवार के रूप में है। इन चार भाईयों में देवराम सिंह रावत के सुपुत्र हुए- प्रहलाद सिंह और चन्द्रमोहन सिंह। प्रहलाद सिंह के सुपुत्र हुए- चन्दन सिंह, डॉ. प्रद्युमन सिंह, लक्ष्मण सिंह और ईश्वर सिंह। इसी प्रकार चन्द्रमोहन रावत जी के हुए गजेन्द्र सिंह और गम्भीर सिंह रावत। श्री चन्दन सिंह रावत का जन्म 1952 में मिलम में हुआ। साकेत कालोनी हल्द्वानी में निवासरत श्री रावत और श्रीमती जमुना रावत की विवाहित सुपुत्री दीपिका और नीलिमा के अलावा सुपुत्र- नगेन्द्र रावत हैं। मिलम में जन्मे श्री चन्दन सिंह बताते हैं सन् 1961 तक तो माइग्रेशन स्कूल व्यवस्था में पढ़ाई की व्यवस्था थी। जोहार घाटी में कक्षा 5 तक ही माइग्रेशन वाले स्कूल सीमित थे। घरों की तरह ही स्कूल भवन भी पक्के पत्थरों के बने थे, जोहार घाटी की कई विभूतियां इन्हीं स्कूलों की देन हैं। बाद में तेजम में सरकारी प्राइमरी, जूनियर हाईस्कूल खुले उसमें लम्बे समय तक घास के छप्पर वाली छत थी, जिसमें कक्षाओं का संचालन होता था। उन झोपड़ियों में ही कुर्सी-मेज सब होता। बकायदा टीचर्स क्वार्टर भी बने थे। समर्पित गुरुजनों की देखरेख में सबको अवसर मिले। स्कूल बहुत कम थे और प्राइमरी परीक्षा का सेन्टर भैंसकोट था जबकि कक्षा आठ बोर्ड का सेन्टर बेरीनाग में हुआ करता था। हम साथी लोग मिलकर मनकोट में कमरा लेकर रहते और अपने गांव से ही खाना बनाने वाले साथी भी साथ ही ले जाते थे। चन्दन सिंह जी के पढ़ाई का सिलसिला तेजम, मुनस्यारी और फिर अल्मोड़ा डिग्री कालेज रहा। इनके माइग्रेशन के गाँव का विवरण इस प्रकार है- मल्ला जोहार क्षेत्र में मिलम, बार्डर पास, फिर मुनस्यारी क्षेत्र में जलथ, उसके बाद तल्ला जोहार की घाटियां। तेजम जहाँ 1962 के बाद स्थाई तौर पर रहना पड़ा। स्थाई तौर पर तेजम आने वाले परिवार जो प्रकृति से जुड़े थे, अतीत की कई चीजें खोई तो कई चीजें प्राप्त कीं। आज भी इनके जेहन में अपनी संस्कृति के वह दिन बसे हैं। वह बताते हैं भारत-चीन युद्ध के बाद हालात बदलने लगे। तब तक तेजम तक ही गाड़ी आती थी। चायना वार के बाद 1964 के आसपास तेजम प्रमुख केन्द्र था। उस समय के हिसाब से इसका बाजार भी था और मुनस्यारी व दूरस्थ क्षेत्र से जिसने भी मोटरवाहन से यात्रा करनी होती वह तेजम आकर रुकता। इससे पहले गाड़ी रुकने का स्टेशन थल और शामा में रहा। चायना हमले के बाद रास्ते बनने लगे, रोड कटिंग में समय लगा। रावत जी बताते हैं- पहले जमीदारी प्रथा में हमारी काफी भूमि थी और भूमि जोतने वाले ‘अध्ेाली’ यानी फसल का हिस्सा उनके पास पहुंचा जाते थे। बचपन में देखा है- पीठ में लादकर या घोड़े के द्वारा अनाज घर तक पहुंचता था। जमीदारी उन्मूलन में भूमि चली गई। एक ओर युद्ध में व्यापार थम गया और जमीदारी उन्मूलन में भूमि छिन गई तो स्थिति डामाडोल हो गई। तब तक पढ़ाई करने वाले भी व्यापार में ही अपना समय लगाते थे। सन् 1967 में जब क्षेत्र के लोगों को भोटिया जनजाति घोषित किया गया तो परिस्थिति देखते हुए नौकरी के हिसाब से पढ़ने लगे। उन दिनों में तो किसी प्रकार की जानकारी भी नहीं मिल पाती थी। कोई साथी बाहर जाकर सुनता कि अमुक जगह भर्ती है या पद रिक्त है तो एक-दूसरे को बताते थे। अल्मोड़ा से बीएससी, एम.ए.अर्थशास्त्र के अलावा बीएड करने वाले चन्दन सिंह जी ने 1975 में बैंकिंग सेवा शुरु की। स्टेट बैंक बागेश्वर में प्रथम नियुक्ति के बाद जुलाई 2012 में मैनेजर के रूप में हल्द्वानी से सेवानिवृत्त होकर अपने परिवार के साथ समय व्यतीत कर रहे हैं। श्री रावत सेवानिवृत्त होने के बाद उत्तराखण्ड ग्रामीण बैंक हल्द्वानी में 5 साल वित्तीय जागरूकता केन्द्र भी अपनी सेवाएं देते रहे। इससे सम्बन्धित जानकरी व जागरुकता के लेख पिघलता हिमालय में उनके द्वारा प्रकाशित करवाए जाते थे। समाज में चल रही उथल-पुथल को बारीकी से जानने वाले रावत जी अपने बचपन के दिनों से तुलना करते हैं- तेजम में बचपन के खेल कंचे, कबड्डी, गिल्लीडंडा था। गर्मियों में साथियों संग जाबुका नदी में जी भर तैरना फिर कुछ देर के लिये किनारे पत्थर, रेते पर बैठ कर ध्ूप का आनन्द लेने की प्रक्रिया ये आज भी हम सभी पुराने साथियों को रोमांचित कर जाता है। नदी के आासपास रहने के कारण बच्चे भी नदी में ही नहाने चले जाते और खेल करते। प्रकृति के साथ रमने वाले कई अच्छे तैराक भी बने। वह कहते हैं- जिन बातों को आज परेशानी के रूप में देखा व समझा जा रहा है वह तो आदत में सुमार था। परिस्थितियों के अनुसार बच्चे-बूढ़े अपने समय को जी रहे थे। ये हमारे समझने का फेर है। क्योंकि जिन्होंने परेशानी नहीं देखी होती है वह कठिन समय में घबरा जाते हैं। समय के साथ बदलाव होता चला जाएगा लेकिन असली धार उसी में होगी जो ईमानदार होगा। सचमुच प्रकृति के संघर्षों को उत्सव रूप में देख चुके रावत जी और इनके जैसे और भी सज्जन हैं, इनकी क्षमता और देशभक्ति की भावना का सकारात्मक प्रभाव समाज में हमेशा रहता है।
त्रिलोक सिंह वृजवाल से बातचीज डॉ. पंकज उप्रेती समाज को आगे ले जाने के लिये निरन्तरता जरूरी है। नियमित ठहराव के साथ जुटने वाले विशिष्ट लोगों में से श्रीमान त्रिलोक सिंह वृजवाल का नाम उल्लेखनीय है। अपने लक्ष्य को और बढ़ा करते हुए इन्होंने जिस प्रकार की संरचना अपने समाज के लिये की उसके पीछे आर्थिक सुदृढ़ता और जरूरतमंदों को सहयोग का भाव रहा है। पिघलता हिमालय परिवार के संरक्षक सदस्यों में शामिल श्री टी.एस.वृजवाल के दादा पान सिंह वृजवाल हुए। इनकी अगली पीढ़ी में राजेन्द्र सिंह, राम सिंह, रक्षपाल सिंह, तेज सिंह, विजय सिंह, केशर सिंह भाई हुए। भाईयों में सबसे छोटे विजय सिंह की अगली पीढ़ी के हैं- त्रिलोक सिंह। माता श्रीमती गंगोत्री देवी और पिता विजय सिंह के घर जन्म लिया- त्रिलोक सिंह और धीरेन्द्र सिंह ने। पिघलता हिमालय परिवार के संरक्षक रहे स्व.उमेद सिंह मर्तोलिया की बहन हुईं इनकी माता श्रीमती गंगोत्री देवी। रिश्तों के इन ताने-बाने के बीच मुनस्यारी के ग्राम राछूसैन, मल्लाघोरपट्ा में 6 अपै्रल 1952 को जन्मे त्रिलोक सिंह जी की इण्टर तक की शिक्षा मुनस्यारी में ही हुई। वह बताते हैं कि गाँव का बचपन और सयानों का संरक्षण सबके लिये कारगर हुआ। इण्टर के बाद अल्मोड़ा से उच्चशिक्षा के साथ बीएड करने वाले श्री वृजवाल जी एलटी शिक्षक हो गये। नाचनी और डोर में अध्यापक के रूप में रहते हुए इनकी तैयारी जारी थी। 1978 में कपकोट में बीडीओ के रूप में तैनात हुए। समय के साथ प्रोजेक्ट डाररेक्टर के रूप में इन्हें चमोली जाना हुआ। फिर अल्मोड़ा में इसी पद पर रहे। इसके बाद डीडीओ नैनीताल का पदभार इनके पास रहा और फिर ढाई साल तक चम्पावत में मुख्य विकास अधिकारी के रूप में रहते हुए अप्रैल 2012 में सेवानिवृत्त हुए। अपनी राजकीय सेवाओं के दौरान समाज में सजग वृजवाल जी अपने समय में बेहतरीन खिलाड़ी भी रहे हैं। बताते हैं- मुनस्यारी में खेल को उत्सव की तरह मनाने की परम्परा रही है और वह अपनी टीम के गोलकीपर बनते थे। ह्यून बर्फबारी के दिनों में भी खेल का जुनून सभी खिलाड़ियों में था। बचपन की झुंझली यादों को ताजा करते हुए बताते हैं कि व्यापार और खेतीबाड़ी ही लोगों का जरिया था। चीन के साथ 1962 के युद्ध में जब तिब्बत व्यापार टूटा तब जोहार सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ। क्योंकि धारचूला के करीब नेपाल होने से और गढ़वाल में चारधम यात्रा से व्यापार की गति प्रभावित होते हुए भी रुकी नहीं जबकि जोहार एकदम अलग-थलग हो गया था। सन् 1970 से 90 तक कापफी लोग सेवाओं के लिये इधर-उधर गए। आरक्षण का यूपी में दो प्रतिशत लाभ था। पहाड़ की आर्थिक व्यवस्था तब भी मनीऑर्डर पर टिकी थी। जिन घरों में नौकरी-पेशा वाले थे, मनीऑर्डर भेजते थे। समाज के उतार-चढ़ाव को जीने और महसूस करने वाले वृजवाल जी ने अपने साथियों के साथ ‘जोहार सहयोग निधि’ की कल्पना की और अल्मोड़ा में सौ-सौ रुपये प्रतिमाह जमा करते हुए एक निधि बनाई। 2004 में जोहार सहयोग निधि अल्मोड़ा नाम से संस्था का सहकारिता एक्ट में रजिस्ट्रेशन भी करवा लिया गया। यह संस्था आज कीर्तिमान के रूप में खड़ी है जिसमें दो करोड़ से अधिक की राशि होगी। इसके द्वारा मेधावी विद्याथर््िायों को सहयोग के अलावा जरूरतमंदों को अवसर के अनुरूप हाथ बंटाया जाता रहा है। अल्मोड़ा में संस्था का अपना भवन होना भी सुखद है। शुरुआत में जोहार सहयोग निधि कार्यालय के लिये किराए पर कमरा लिया गया था जिसका किराया भी इसके संचालक स्वयं ही अपनी-अपनी ओर से देते थे। आज इस निधि का एक बड़ा आकार होना बताता है कि कितनी दौड़भाग इसके लिये हुई थी, जो आज भी है। श्री वृजवाल के सामाजिक कार्यों में इनके परिवार का हरदम सहयोग रहा है। इनका विवाह गीता देवी से हुआ। हिमनगरी मुन्स्यार के दुकानदार गोविन्द सिंह पांगती व श्रीमती इन्द्रा देवी घर जन्मी श्रीमती गीता 6 बहनें व 2 भाई हैं। इस परिवार के अरविन्द पांगती संयुक्त सचिव, हरीश पांगती मर्चेन्ट नेवी में हैं। त्रिलोक सिंह जी की अगली पीढ़ी को देखें तो इनकी सुपुत्री प्रीति रावत नोएडा में हैं, जमाई श्री नवीन सिंह रावत कस्टम में हैं। वृजवाल जी के सुपुत्र राजेश सिंह और मनीष सिंह वृजवाल हैं। अपने घर और समाज में सयाने की भूमिका श्री टीएस वृजवाल में हमेशा से सुमार होना बताती है कि वह कितनी कर्मठता से तत्लीन रहते हैं। उनकी यही निरन्तरता उन्हें भीड़ से अलग करती है और दूसरों को भी प्रेरणा देती है कि किसी भी स्थिति में कर्मशील रहना है।
गोविन्द सिंह जंगपांगी से बातचीज डॉ.पंकज उप्रेती किसी भी समाज को बनाने के लिये यादों के अलावा समर्पण जरूरी है। अपने समाज के लिये ऐसे ही समर्पित हैं श्रीमान गोविन्द सिंह जंगपांगी। वरिष्ठ नागरिक के अलावा ‘बूबू’ के रूप में प्रतिष्ठि जंगपांगी जी की बात करें तो जोहार के पदम सिंह जंगपंागी के पुत्र हुए मान सिंह जंगपांगी। पिता मानसिंह और माता श्रीमती चन्द्रा देवी के घर गोविन्द सिंह व मंगल सिंह ने जन्म लिया। 3 मार्च 1949 को बुर्फू में जन्मे गोविन्द सिंह सीमान्त के जिस दुरुह क्षेत्र से आते हैं उतनी ही गहराई उनके व्यवहार में है। बचपन की पढ़ाई दरांती ग्राम में हुई। माइग्रेश के रूप में जब-जब परिवारों की यात्रा होती इनका परिवार भी बुर्फू से दुम्मर आता। बुपर्फू, दरांती के अलावा अपने मामकोट छिनका, गढ़वाल में शिक्षा दीक्षा के बाद अल्मोड़ा कालेज से पढ़ने वाले गोविन्द सिंह जी सन् 1071 में आर्मी में भर्ती हो गए। 6 साल तक सेना की सेवा के बाद ओरिएंटल इंश्योरेंश कम्पनी लि. में इनका प्रतिभा का लाभ मिला। मार्च 2009 में डिविजन मैनेजर के पद से सेवानिवृत्त होने वाले ‘बूबू’ जी ने समाज में अपनी सक्रियता को बरकरार रखा है। बुर्फू से जंगपांगी परिवार मल्ला दुम्मर, भकुण्डा, इमला में रहने लगे थे। अपने बचपन की यादों में डूबते हुए गोविन्द सिंह बताते हैं- बचपन का एक खेल था केले/कदली के पेड़ की डंठ्ल में द्यार डालकर उसे जलाते हुए लालटेंन जलाते थे। परिवार ह्यून/जाड़ों में भकुण्डा आ जाता और गर्मी में बुर्फू जाता था। तिब्बत व्यापार की अवसर इन्हें नहीं मिला लेकिन वह यादें इनके साथ जुड़ी हैं जब व्यापारी तिब्बत जाते थे और वहाँ से भी आने वाले जोहार आते थे। वह बताते हैं जिस प्रकार ब्राह्मणों के जजमान होते हैं उसी तरह तिब्बती मित्रों यहाँ के लोगों से सम्पर्क था यानी अपने-अपने घनिष्ट परिवार मित्रों के पास उनका आना-जाना था और तिब्बत लौटते समय वह उपहार स्वरूप हुनकारा तिब्बती बकरी परिवार को देकर जाते थे। हुनकारा की यादें भुलाए नहीं भूलती जब लोगों में परस्पर मेल होता था। वास्तव में श्री जंगपांगी जी की बातों का मर्म यह बताता है कि दुर्गमता के रास्तों में राहें तब भावना हो और समाज के लिये कुछ करने की ललक। अपनी सेवाओं के दौरान समाज और मित्रों के लिये समर्पित रहे गोविन्द सिंह जी सेवानिवृत्त के बाद भी बेहद सक्रिय हैं और उनकी कोशिश हमेशा जोड़ने की रही है। मल्ला जोहार में होने वाली हरि प्रदर्शनी से लेकर अन्य तमाम आयोजनों पर ठोस कार्य के पक्षध्र श्री जंगपांगी जी पिघलता हिमालय परिवार के भी भी संरक्षक रूप में रहे हैं। उनसे हुई भंेटवार्ता केवल समाचार विचार तक सीमित नहीं बल्कि उन पुरानी यादों को ताजा करना भी है जिससे नई पीढ़ी को उन पुराने दिनों की याद आ सके जब गर्मी-जाड़ा-बरसात में यात्राओं के बीच निकलने वालों ने अपने रास्ते हमेशा सच के साथ बनाए और बहुत ही ईमानदारी से रिश्तों को निभाया। श्री जंगपांगी प्रतिवर्ष मल्ला जोहार हरि प्रदर्शनी के लिये भी तत्परता से जुटते हैं और यत्र-तत्र निवास करने वाले प्रवासियों की टोह भी लेते हैं ताकि वह समाज के प्रति जुड़ाव बनाए रखें। इनकी सहजता-सरलता समाज के प्रति समर्पण को बताता है। वाकेई समाज में इस प्रकार के सयानों का होना सुखदाई है जो स्थितियों को सम्भालते और रास्ते दिखाने का काम करें। इनके अनुभवों का लाभ नई पीढ़ी ने लेना चाहिये।
एन.सी.तिवारी से बातचीज डॉ.पंकज उप्रेती यह सच्चाई है कि सुख-दुःख के साथी और समय हर हमेशा मस्तिष्क में छाए रहते हैं। वर्तमान की दिखलावटी दुनिया में भले ही बहुत रंगीन नजारे खुशनुमा दिखते होंगे लेकिन इनकी रंगीनियत वैसी नहीं है जैसी होनी चाहिए। जीवन के गहरे अनुभव और समाज में हमेशा सक्रियता निभाने वाले श्रीमान नवीन चन्द्र तिवारी (एन.सी.तिवारी) जीवन के उत्तरार्द्ध में भी समाज के लिये जीवट बने रहने का जोश अपने साथियों और युवाओं को दिलाते हैं। हल्द्वानी के जगदम्बानगर निवासी तिवारी जी की यादों में अल्मोड़ा से लेकर हल्द्वानी तक लम्बा सपफर है जिसमें नजारे बदले लेकिन नजर में वही हैं। बातचीज में वह कहते हैं- ‘दुर्गा-आनन्द स्मृतियों में हर वक्त हैं।’ ‘पिघलता हिमालय’ की स्थापना के समय और उससे पहले से ही इसके संस्थापक स्व.दुर्गा सिंह मर्तोलिया और स्व. आनन्द बल्लभ उप्रेती के साथ जिस प्रकार की प्रगाढ़ता इनकी रही है वह परिवार के सयाने की ही हो सकती है। अल्मोड़ा के शैल ग्राम निवासी श्रीबल्लभ तिवारी के सुपुत्र थे- कृष्णानन्द तिवारी। ये परिवार मूल रूप से सोमेश्वर के बेगनिया ग्राम का हुआ। माता दुर्गा देवी और पिता कृष्णानन्द जी के परिवार में 8 सन्तानें हुईं, जिनमें सबसे छोटे थे- नवीन तिवारी। 5 भाई 3 बहिनों में एन.सी.तिवारी बेशक छोटे रहे हों लेकिन अवसरों पर आगे बढ़ते हुए इन्होंने अपने रास्ते तय किये और सन् 1971 मंे इनका विवाह निर्मल जी के साथ हुआ। इनके परिवार में दो बेटियां प्रीति, संगीता (गुड़िया) और पुत्र विजय हुए। सभी गृहस्थ आश्रम के साथ अपनी परम्पराआंे से जुड़े हैं, जो उन्होंने श्रीमती निर्मल-श्री एन.सी.तिवारी से पाया। अल्मोड़ा से बीएससी करने के बाद तिवारी जी इलाहाबाद पढ़ने गये लेकिन स्कूल-कालेज की शिक्षा से ज्यादा व्यवहारिक शिक्षा में रमने वाले एन. सी.तिवारी के भाग्य में कुछ और ही था। अल्मोड़ा में पढ़ाई के दौरान उनके साथियों में दुर्गासिंह मर्तोलिया भी थे। यह विज्ञान वर्ग में थे जबकि मर्तोलिया कला वर्ग में। वह बताते हैं- ‘हमारे ग्राम शैल के प्रतिष्ठि व्यापारी नारायण तिवारी जी ने अल्मोड़ा के जिस जगह पर देवालय बनाया, उस स्थान को नारायण तिवारी देवाल बाजार कहने लगे और धीरे-धीरे एनटीडी नाम प्रचलित हो गया। इसी क्षेत्र में सीमान्त क्षेत्रा के व्यापारी आते थे और यही जोहारी भाईयों का मुख्य केन्द्र था। ज्यादातर डॉ.दरवान सिंह के आवास पर भी रहते थे। बाद में और ज्यादा विस्तार हुआ। सन् 1947 में रिफ्रयूजी भी इस क्षेत्र में आकर बसने लगे थे। इनके स्कूल के साथी गिरीश तिवारी ‘गिर्दा’, बीरशिवा स्कूल के संस्थापक एन.एन.डी.भट्ट, सत्यवान सिंह जंगपांगी, पुष्कर सिंह जंगपांगी, दरवान सिंह, उत्तम सिंह वहीं मिले थे। उस दौर में पढ़ाई के बाद ज्यादातर शिक्षक बने और फिर उच्चपदों पर आसीन रहे। हल्द्वानी दोनहरिया निवासी लक्ष्मण निवास का नाम हमेशा से अग्रणीय रहा है इस परिवार के बाला सिंह, सत्यवान सिंह जंगपांगी, सेल्सटैक्स कमिश्नर पुष्कर सिंह, जज उत्तम सिंह पांगती, दुर्गा सिंह अच्छे साथी रहे हैं।’ इण्टर के बाद इलाहाबाद पढ़ाई गये तिवारी जी अधूरी पढ़ाई से जब लौटे तो कुछ महीने कौसानी में अध्यापकी करने लगे। इसके बाद बिड़ला मिल सिरपुर कागजनगर, आन्ध्रप्रदेश मेें अपने बड़े भाई के पास चले गये जो बिरला कागज फैक्ट्री में थे। 1938 में स्थापित भारत की सबसे पुरानी यह पेपर मिल्स को हैदराबाद मिर उस्मान अली खान द्वारा स्थापित किया गया था। 1950 में बिरला परिवार ने इसका अधिग्रहण किया और 2018 में जे.के. पेपर लि. ने इस मिल का अधिग्रहण कर लिया। बिरला की इस फैक्ट्री में एन.सी.तिवारी क्वालिटी कन्ट्रोल का काम देखने लगे, कुछ समय बाद पेपर मैकर बन गये। सन् 1968 में मशीन में दुर्घटना होने के बाद इन्होंने विचार बदला और अपने गाँव से इतनी दूर आ चुका हँू, भाई भी यहीं है, क्यों न घर चल जाउँ। फिर से शैल ग्राम अल्मोड़ा आ गये। कुछ दिन रुकने के बाद हल्द्वानी का रुख किया। अल्मोड़ा में जहाँ इनकी मुलाकात दुर्गा सिंह मर्तोलिया से हुई थीं वहीं हल्द्वानी में आनन्द बल्लभ उप्रेती से हुई। तब तक ‘पिघलता हिमालय’ अखबार के बारे में चिन्तन नहीं हुआ था। हल्द्वानी में स्वरोजगार के क्रम में यह अपने को आजमाते रहे और सफल नहीं हो रहे थे। खुली चाय का कार्य भी किया लेकिन इसका प्रचलन न होने से उसे छोड़ पेपर एजेंसी ले ली। अनुभव तो था लेकिन दूर-दूर तक उधरबाजी से इस काम को भी बन्द कर दिया। उन दिनों में आनन्द बल्लभ उप्रेती का छापाखाना ‘शक्ति प्रेस’ खुला और वह पत्रकारिता में पहले से सक्रिय थे ही। तिवारी जी बताते हैं कि युवाओं और गपोड़ियों के बैठने का अड्डा कालाढूंगी रोड स्थित ‘शक्ति प्रेस’ हुआ करता था। दाँतों के डाक्टर बी.सी.पन्त, वकील जीवन जोशी, सत्यवान सिंह जंगपांगी, पुष्कर सिंह जंगपांगी, लक्ष्मण सिंह डसीला तमाम लोगों का मिलना जुलना बराबर था। कुछ अन्तराल में दुर्गासिंह मर्तोलिया भी ‘शक्ति प्रेस’ में आए और उप्रेती जी के साथ एक प्रण सा हो गया कि अपना अखबार निकालना है। 1978 में ‘पिघलता हिमालय’ की शुरुआत हो गई। जीवन के बहुत उतार-चढ़ाव सभी साथियों ने देखे और एक-दूसरे की परेशानियों को समझा-महसूस किया। तिवारी जी बताते हैं कि स्वरोजगार के क्रम में उन्होंने पहली बार सोपस्टोन इन्डस्ट्रीज की स्थापना कर डाली। छोटी मुखानी हल्द्वानी में 1973 में इसे स्थापित किया गया। बागेश्वर में खड़िया कार्य के शुरुआती दिन थे। बहुत मुश्किलों से तब खड़िया कारोबार का बाजार बना था, एक प्रकार से इसका परिचय ही हुआ। कुछ सालों तक सपफल कार्य करने के बाद तिवारी ने इस कारोबार को समेट दिया। आज भी छोटी मुखानी का वह क्षेत्र खड़िया फैक्ट्री नाम से ही जाना जाता है। अपने कारोबार और घर-परिवार के साथ कदम से कदम आगे बढ़ रहे तिवारी जी ने अपने साथियों और समाज की भलाई के लिये भी कदमताल कम नहीं की। होली हो या दीपावली उसकी रंगत बनी रहे इसके लिये इनका ध्यान पूरा था। वह बताते हैं कि हल्द्वानी में छोटा सा बाजार और दूर-दूर तक छिटके आवास थे। साइकिल से आना-जाना होता था और होली मिलने के लिये एक दूसरे के वहाँ अनिवार्य रूप से जाते थे, एक बार जेलरोड में पत्थरबाजी की घटना ने माहौल खराब किया था। पहाड़ की होली के लिये हीराबल्लभ पन्त जी के वहाँ सभी जुटते थे। रामपुर रोड में बालमुकुन्द तिवारी के घर में बैठकी होली के अलावा जगदम्बा नगर में इनके अपने आवास पर होली की बैठक जमती थी। रेंजर हीरा बल्लभ जी, रमेश चन्द्र, अल्मोड़ा से तारा प्रसाद ‘तारी मास्साब’, जगदीश उप्रेती ‘जग्गन’ से रातभर रागों में भरी होलियों सुनने को मिलती थीं। सामाजिक सरोकारों से जुड़े एन.सी. तिवारी जी जनमुद्दों को लेकर हमेशा अगुवाई करते रहे हैं। जमरानी बांध बनाने के आन्दोलन के क्रम में श्री नवीन चन्द्र वर्मा के साथ मिलकर इन्होंने पीआईएल तक डाली जिसमें विभाग को जुर्माना पड़ा था। व्यापारी हितों के लिये भी इनकी भागीदारी कम नहीं रही। वह बताते हैं कि सन् 1992 में अलीगढ़ में व्यापार मण्डल का सम्मेलन हुआ, तब बाबूलाल जी को कुमाउँ का प्रभारी बनाया गया और उन्हें कोषाध्यक्ष। पृथक पर्वतीय राज्य के बाद सन् 2001 में उ.प्र. से अलग होकर उत्तराखण्ड का व्यापार मण्डल बना। इसके लिये गाजियाबाद में यूपी के अध्यक्ष श्याम विहारी एमपी सहित तमाम साथी थे। उत्तराखण्ड व्यापार मण्डल के लिये रीषिकेश के यशपाल अग्रवाल अध्यक्ष, हल्द्वानी से बाबूलाल गुप्ता कार्यकारी अध्यक्ष, देहरादून से अनिल गोयल महामंत्री, नवीन वर्मा उप महामंत्राी, एनसी तिवारी कोषाध्यक्ष बने। राज्य आन्दोलन के दौरान अगुवाई करने वाले एन.सी.तिवारी कहते हैं- मुलायम सिंह का जमाना था और पुलिस का सख्त पहरा। आरक्षण विरोधी आन्दोलन में सुलग रहे युवाओं को जेल भेजा जा रहा था तब हल्द्वानी में छात्र अभिभावक संघर्ष समिति का गठन हुआ जिसमें वह सह संयोजक बने। इस बीच अज्ञात उत्तराखण्ड मुक्ति मोर्चा द्वारा इन्हें जान से मारने की ध्मकी तक दे दी गई। मानसिक तनाव व अन्य प्रकार से दबाव देने वाले तिवारी जी के पीछे लगे रहे लेकिन ये विचलित नहीं हुए बल्कि और सूझबूझ से कमान संभाली। राज्य आन्दोलन का स्वरूप बढ़ता गया और सारे सरकारी संगठन इस समिति से जुड़ गये। जब दिल्ली में प्रदर्शन की बात हुई तो शासन-प्रशासन का पहरा था। जाने की अनुमति नहीं थी, ऐसे में कोर्ट से चालीस बसों को ले जाने की अनुमति ले ली गई। वह कहते हैं कि पुलिस का इरादा था आन्दोलनकारियों को हल्द्वानी से आगे ही न बढ़ने दिया जाए। गढ़वाल में भी ऐसा ही हुआ और दिल्ली जा रहे आन्दोलनकारियों के साथ रामपुर तिराहा काण्ड हुआ था। हल्द्वानी मे भी रामपुर तिराहा काण्ड कराने की पूरी साजिश थी लेकिन किसी प्रकार पूरे आन्दोलन को सही दिशा दी गई और आन्दोनकारी युवाओं को बचाया गया। बातचीज में तिवारी जी पुराने दिनों को याद कर भावुक हो जाते हैं और कहते हैं- जितना किया बहुत था, अब नई पीढ़ी ने इस शहर और प्रदेश को संवारने में जुटना चाहिए। पिघलता हिमालय परिवार में संरक्षक की भूमिका रखने वाले श्री तिवारी के सुपुत्र विजय तिवारी भी सुलझे हुए युवा उद्यमी हैं और उन पुरानी परम्पराओं को अपने बचपन से समझते हुए आगे बढ़ रहे हैं। कामना है उनकी चाह सफल रहे।