
पि.हि. प्रतिनिधि
थल/मुवानी। उत्तराखण्ड के हजारों गाँवों में हजारों प्रकार की ऐतिहासिक व पुरातात्विक महत्व की चीजें हैं, जिनके बारे में कथाओं, गाथाओं, किस्से, कहानियों में जानकारी मिलती है। ऐसी ही ऐतिहासिक महत्व की चीज थल से करीब दो किमी दूर स्थित है। ‘एकहथिया मन्दिर’ के रूप में स्थापित इस प्राचीन मन्दिर के बारे में कई प्रकार की चर्चाएं रही हैं और कहा जाता है कि किसी ने एक ही रात में एक हाथ से इस मन्दिर को एक ही पत्थर काटकर बनाया था।
वाकेई मन्दिर की कृति थल के ऐतिहासिक मन्दिर जैसी है किन्तु इसे एक विशाल पत्थर को काटकर ही बनाया गया है। मन्दिर में खूबसूरत नक्कासी के साथ ही पानी का छोटा सा कुण्ड बनाया गया है। पानी आने के लिये रास्ता बनाया गया है। शिवलिंग भी है लेकिन उल्टी दिशा में होने के कारण यहाँ दिया-बाती नहीं की जाती है। एकहथिया मन्दिर के बारे में जानकारी लेने व देखने के लिये दूर-दूर से लोग यहाँ आते हैं। पर्यटन विभाग की ओर से एक टिनशैड इसके पास बनाया गया है लेकिन इस ऐतिहासिक मन्दिर को बचाये रखने के लिये सुरक्षा दीवार अतिआवश्यक है अन्यथा भविष्य में इसे खतरा उत्पन्न हो सकता है।
बलतिर गाँव में स्थित एकहथिया मन्दिर के पास भेलियागाड़ के कारण पहाड़ में काफी जमीन भीतर की ओर कटी हुई है। जंगल और खेतों के बीच यह ऐतिहासिक महत्व की चीज फिलहाल सुरक्षित है लेकिन इसे सौन्दर्यीकरण के साथ संवारना चाहिये। गाड़ के पार अल्मिया गाँव स्थित है। थल से करीब दो किमी की दूरी पर स्थित बलतिर और अल्मिया गाँव कृषि के लिये अग्रणीय हैं किन्तु इनकी सुध् लेने के लिये शासन-प्रशासन ने हाथ हलकाने चाहिये। हाल यह है कि अपने आप से ग्राम संवारने वालों में इतनी उर्जा नहीं है कि वह बजह होने के बाद भी नेताओं को पकड़ कर अपनी समस्याएं हल करवा ले जाएं। न ही जनप्रतिनिधि ध्यान दे रहे हैं। गाँव में पलायन की मार अलग से है। रामगंगा घाटी की इस उपजाउ भूमि में भेलिया गाड़ और सालीखेतगाड़ के कारण पर्याप्त पानी भी है लेकिन कृषि आधारित छुटपुट कार्यों के सिवाय कुछ नहीं हो रहा है।
इस बात के प्रमाण मिलते हैं कि कभी रामगंगा इसी जगह से होकर जाती थी जिसने बाद में अपनी दिशा बदली होगी। एकहथिया मन्दिर वाले क्षेत्रा में पाये जाने वाले पत्थरों से आसानी से अनुमान लग जाता है कि वह नदी के साथ रहे होंगे।
बलतिर ग्राम में तो दूर-दूर तक खेतों को देखकर प्रसन्नता होती है। यहाँ कुछ प्राचीन पेड़ हैं, जिन्हें पूज्य के रूप में माना गया है। काई इन्हें सतयुगी भी कहते हैं। इन पेड़ों के नीचे प्राचीन मूर्तियां और तराशे गये पत्थर भी रखे गये हैं। बलतिर की आवादी करीब डेढ़ हजार होगी, यहाँ एक प्राइमरी स्कूल है। इसके अलावा विकास के पत्थर नहीं लगे हैं। एकहथिया मन्दिर तक जाने के लिये थल से पैदल चढ़ाई वाला मार्ग तो है ही। थल मुवानी मोटर रोड से एक पक्की सड़क का मार्ग भी कटता है जो बलतिर गाँव पहँंुचाता है। इस प्रकार सड़क से आसान पहँुच वाले इस क्षेत्रा के विकास में अभी बहुत कुछ होना है।
बन्द पड़ा उन-कालीन का कारोबार
बलतिर ग्राम में श्रीमती तुलसी देवी मर्तोलिया ने उफनी कारोबार की जोरदार शुरुआत की थी लेकिन उनके अस्वस्थ्य होने के बाद से यह कारोबार लड़खड़ा गया। मूल रूप से आमथल के रहने वाले मर्तोलिया परिवार ने थल में रहते हुए ग्राम बलतिर में भूमि ली और भवन बनाया ताकि कृषि के साथ साथ उनी वस्त्र, दन-कालीन का कारोबार चलाया जाए। इसके लिये श्रीमती तुलसी मर्तोलिया ने प्रशिक्षण कार्यक्रम भी चलाया और लोगों को इससे जुड़ने के लिये प्रेरित किया किन्तु उनके अस्वस्थ्य होते ही यह कारोबार रुक गया। श्रीमती मर्तोलिया आज भी कभी कभार बलतिर अपने मकान पर जाती हैं लेकिन स्वास्थ्य खराब होने के कारण उनी कारोबार को चला पाना कठिन है। सरकार की ओर से लघु उद्योग के लिये बहुत सी योजनाएं चलाई जा रही हैं। काश बलतिर में एक परिवार द्वारा छेड़ी गई इस मुहीम को जिन्दा रखने में मदद मिलती।
पिघलता हिमालय 28 दिसम्बर 2015 अंक से
