
उमेश डोभाल ट्रस्ट के महासचिव व वरिष्ठ पत्रकार का 7 अक्टूबर 2018 को हृदयगति रुकने से निधन हो गया। मिशन की पत्रकारिता में लगे रहने वाले सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में पहचान रखने वाले भाई एम.मोहन कोठियाल को पीड़ा होने पर पौड़ी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उन्हें श्रीनगर के लिये रेफर कर दिया। अस्पताल, दवाईयाँ, सड़क, बिजली जैसी आम जरूरतों की मांग के लिये लड़ने वाले कोठियाल जी इतनी जल्दी हमसे विदा हो जाएंगे, किसी ने सोचा ही न था। पौड़ी की समस्याओं के साथ ही उत्तराखण्ड के हर भले आन्दोलन में उनकी किसी न किसी रूप में भागीदारी थी। चकबन्दी को लोगों का हथियार बनाने की आवाज उठाने का काम उन्होंने किया। उमेश डोभाल ट्रस्ट के महासचिव होने के साथ ही उन्होंने एक कार्यकर्ता के रूप में अपनी भूमिका निभाई और हर किसी के सुख-दुःख में सम्मिलित हुए। उन्हें पत्रकारिता की सूझ और समझ थी तभी तो वह कुरेदने वाले सवाल उठाते थे और पहाड़ के दर्द को पहचानते थे। पिघलता हिमालय स्व.कोठियाल को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ ही ईश्वर से प्रार्थना करता है कि दुःख की इस घड़ी में उनके परिवार को साहस-शक्ति प्रदान करे।
